होली का पर्व परंपरागत हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया, सुबह से ही बचे होली के रंगों से सराबोर होकर रंग बरसाते नजर आए
सहारनपुर। होली का पर्व परंपरागत हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही बच्चे होली के रंगों से सराबोर होकर रंग बरसाते नजर आए। महानगर की विभिन्न कालोनियों में होली गीतों पर दीवाने-मस्ताने जमकर झूमे। कई जगह होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। बुधवार को होली पर्व पर सुबह से ही उल्लास का माहौल था।
एक दूसरे पर रंग और गुलाल डालकर बच्चों ने सबसे पहले शुरुआत की। बाजारों और मोहल्लों में होली के मस्तानों की टोलियां सुबह से ही निकल पड़ी। दोपहिया वाहनों और गाड़ियों में सवार मस्तानें होली के रंगों से सराबोर थे। मंदाकिनी विहार, आवास विकास स्थित शिवाजी पार्क में सुबह से ही होली पर्व आरंभ हो गया था। ग्रीन पार्क में ढोल की थाप पर अग्रवाल समाज द्वारा होली मिलन का आयोजन किया गया। बच्चों ने पिचकारियों से रंगों की बौछार की। महिलाओं, बच्चों और कपल को गेम खिलाकर विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। डीजे की तेज धुनों और गीतों पर जमकर डांस किया। पुराने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुबह से चौराहों और मोहल्लों में चल रहे होली गीतों पर होली के दीवनों ने डांस किया।
एक दूसरे को गले मिलकर पर्व की शुभकामनाएं दी गई। जिलाधिकारी आवास पर प्रशासनिक अधिकारियों व शहर के गणमान्य लोगों ने भी जमकर होली खेली। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, पूर्व डीएम आलोक कुमार पांडेय, एडीएमएफ विनोद कुमार, राजकुमार राजू, शीतल टंडन, डा. पीडी गर्ग, रंजना नैब आदि शामिल रहे। बड़े गड्ढे में डूबोकर मनी पुलिस की होली गुरुवार को पुलिस की होली का रंग भी पुलिस लाइन में सुबह से उड़ने लगा था।
होली के लिए पुलिसकर्मियों ने पहले से ही परेड ग्रांउड में जेसीबी से खुदाई कर एक बड़ा गड्ढा बनाकर उसे पानी से भरा था। इसके साथ ही डीजी के धून पर पुलिस कर्मी नाचते नजर आए और हर किसी को गड्ढे में डूबोकर होली खेली। एसएसपी दिनेश कुमार पी., एसपी देहात विद्यासागर मिश्र, एसपी सिटी विनीत भटनागर ने भी पुलिसकर्मियों के साथ जमकर होली खेली। थानों में भी पुलिस की होली पर जमकर रंग गुलाल उड़ा और नाच गाना हुआ।